द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह : पूरे देश की तरह गिरिडीह जिले में भी शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिरसिया स्थित बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल, गिरिडीह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें छात्रों ने शिक्षकों के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजन.
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्राचार्य सचिन गर्ग ने विद्यालय परिसर में स्थापित देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद छात्रों ने शिक्षकों के सम्मान में एक से बढ़कर एक गीत, नृत्य और कविताएँ प्रस्तुत कर समां बाँध दिया।
छात्रों को संबोधित करते हुए प्राचार्य सचिन गर्ग ने कहा कि “शिक्षक एक कुम्हार की तरह होते हैं, जो अपने ज्ञान और मार्गदर्शन से छात्रों को जीवन की सुंदर आकृति प्रदान करते हैं। विद्यार्थी जब समाज में उत्कृष्ट कार्य करते हैं तो वही शिक्षक की असली सफलता होती है।”
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय के विकास में अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। यदि किसी को कोई समस्या या सुझाव है, तो वे विद्यालय से साझा करें। संस्था हमेशा सकारात्मक सुझावों का स्वागत करती है। प्राचार्य ने इस अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएँ भी दीं।
दिल्ली पब्लिक स्कूल में उत्सव.
इसी क्रम में दिल्ली पब्लिक स्कूल, गिरिडीह में भी डॉ. राधाकृष्णन के जन्म दिवस को शिक्षक दिवस के रूप में उल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर त्रिलोचन सिंह सलूजा, चेयरमैन ऋषि सिंह सलूजा, सत्प्रीत कौर, प्राचार्या डॉ. सोनी तिवारी तथा सभी शिक्षकों ने मिलकर डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि और प्राचार्या ने केक काटकर समारोह का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में छोटे बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी शिक्षकों का अभिनंदन किया। सीनियर छात्रों ने हास्य नाटक पेश कर दर्शकों को खूब गुदगुदाया, वहीं जूनियर छात्राओं ने रंगारंग नृत्य-संगीत से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के हेड ब्वाय अंकित चौधरी और हेड गर्ल एंजिल चौधरी ने किया। सीनियर छात्रों ने मंच संचालन से लेकर आयोजन की सफलता तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में प्राचार्या डॉ. सोनी तिवारी ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “शिक्षक ही समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देते हैं।” वहीं चेयरमैन ऋषि सिंह सलूजा ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षकों के योगदान को अमूल्य बताया।







