मंईयां सम्मान योजना का इंतजार खत्म: जानिए किस तारीख को महिलाओं के खाते में आएंगे 2500 रुपये

परवेज़ आलम की रिपोर्ट……
झारखंड में लाखों महिलाओं के लिए राहत भरी खबर आई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की महत्वाकांक्षी योजना मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों के खाते में 2500 रुपये की राशि इसी महीने से ट्रांसफर की जाएगी। माना जा रहा है कि सीएम सोरेन 14 दिसंबर को अपने विधानसभा क्षेत्र बरहेट से इस योजना की पांचवी किस्त जारी करेंगे।
बरहेट से होगी योजना की शुरुआत। 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 14 दिसंबर को अपने दो दिवसीय संताल दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वीर शहीद सिदो-कान्हू और फूलो-झानो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। जनसभा को संबोधित करते हुए, महिला लाभुकों के खातों में 2500 रुपये ट्रांसफर करने की संभावना है।
आर्थिक मदद के लिए बजट पास। 
हाल ही में सोरेन सरकार ने 2024-25 के लिए दूसरा अनुपूरक बजट पेश किया, जिसमें महिला, बाल विकास और सामाजिक सुरक्षा विभाग को प्रमुखता दी गई। मंईयां सम्मान योजना इसी विभाग के अंतर्गत संचालित हो रही है। बजट पास होने के बाद वित्त विभाग से राशि नोडल विभाग को ट्रांसफर की जाएगी।
महिलाओं को जल्द मिलेगा लाभ। 
योजना का लाभ पाने के लिए महिलाएं लंबे समय से इंतजार कर रही थीं। हालांकि इस महीने देरी का कारण अनुपूरक बजट की प्रक्रिया रही। विभागीय सूत्रों के अनुसार, एक-दो दिन में सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
संताल दौरे पर सोरेन परिवार। 
मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी और गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन भी दौरे पर रहेंगी। सीएम देवघर बाबाधाम और दुमका के बासुकिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद बरहेट में जनसभा को संबोधित करते हुए महिला लाभुकों के खातों में राशि भेजने की शुरुआत करेंगे।

मंईयां सम्मान योजना के तहत इस किस्त से झारखंड की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी। यह योजना न केवल महिलाओं की आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाएगी बल्कि आने वाले चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *