मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना नया अपडेट:  जल्द मिलेंगे बकाया भुगतान

परवेज़ आलम.

रांची : झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जनवरी से अब तक भुगतान से वंचित 20,100 से अधिक लाभुकों के लिए राहत की खबर है। महीनों से अटके उनके बकाया भुगतान का रास्ता अब साफ हो गया है, और संभावना है कि अगले एक-दो दिनों में यह राशि उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी।

77 हजार लाभुकों की सूची थी होल्ड में.

गौरतलब है कि मार्च माह में राज्य सरकार ने योजना के अंतर्गत दो लाख से अधिक लाभुकों को 7500-7500 रुपये की राशि एकमुश्त दी थी, जो तीन महीनों (जनवरी से मार्च) का भुगतान था। लेकिन तकनीकी कारणों से करीब 77 हजार लाभुकों का भुगतान अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।

राज्य की सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से लगातार सत्यापन प्रक्रिया चलती रही। अब उस सूची से 20,100 लाभुकों को वैध पाया गया, यानी उनका सत्यापन सफल रहा और उन्हें भुगतान देने की मंजूरी मिल गई है।

तकनीकी गड़बड़ियों से अटका था भुगतान.

विभागीय सूत्रों के अनुसार, जिन लाभुकों का भुगतान रोका गया था, उनमें अधिकतर मामलों में आधार संख्या बैंक खाते से लिंक नहीं थी। कई जगह एक ही बैंक खाता कई लाभुकों के नाम से जुड़ा मिला, जो DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) नियमों के विरुद्ध है। कुछ के आधार या खाता संख्या में त्रुटियां थीं। अब इन त्रुटियों को सुधार लिया गया है।

अब मिल सकता है एकमुश्त चार महीने का भुगतान.

जिन लाभुकों को दिसंबर में योजना की पहली किस्त (₹2500) मिली थी लेकिन जनवरी से अब तक कोई राशि नहीं मिली, उन्हें इस बार ₹10,000 तक मिलने की संभावना है। यह राशि चार महीनों (जनवरी से अप्रैल) की एकमुश्त भुगतान के रूप में मिल सकती है।

अप्रैल और मई की राशि भी बकाया, आदेश का इंतजार.

सामाजिक सुरक्षा विभाग ने बताया कि अप्रैल माह की सम्मान राशि के भुगतान की भी पूरी तैयारी कर ली गई है, लेकिन राज्य मुख्यालय से औपचारिक आदेश अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। इसी वजह से लाभुकों के खाते में अब तक अप्रैल-मई की राशि नहीं भेजी जा सकी है।

हालांकि विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस योजना में धन की कोई कमी नहीं है। सरकार की ओर से इस मद में 550 करोड़ रुपये जिला प्रशासन को आवंटित किए जा चुके हैं।

यदि दो दिनों के भीतर भुगतान प्रक्रिया शुरू नहीं होती, तो जून की राशि भी बकाया में जुड़ जाएगी। ऐसे में सरकार को एक साथ तीन महीनों का भुगतान फिर से करना पड़ सकता है, जिससे वित्तीय और प्रशासनिक दबाव और बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य की महिलाओं के लिए शुरू की गई एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत पात्र लाभुकों को प्रति माह ₹2500 की राशि दी जाती है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *