परवेज़ आलम.
गिरिडीह : क्रिसमस की दस्तक के साथ ही गिरिडीह के ईसाई धर्मावलंबियों में उत्साह और उमंग चरम पर है। पर्व में अभी तीन दिन शेष हैं, लेकिन शहर के बाजारों में अभी से क्रिसमस की रौनक देखते ही बन रही है। गिरजाघरों में रोशनी और सजावट इस बात की गवाही दे रही हैं कि क्रिसमस सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि खुशियों का उत्सव है।
बाजारों में कदम रखते ही सांता क्लॉज की टोपी, रंग-बिरंगी लाइटें, सजावटी सितारे और क्रिसमस ट्री लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। दुकानों में क्रिसमस से जुड़ी हर सामग्री उपलब्ध है और लोग इस पर्व को खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
क्रिसमस कार्ड भी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। पारंपरिक संदेशों से लेकर आधुनिक डिज़ाइन वाले कार्ड बाजार में खूब बिक रहे हैं। लोग अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और प्रियजनों को शुभकामनाएं भेजने के लिए उत्साहपूर्वक कार्ड खरीद रहे हैं। वहीं बच्चों के लिए तो बाजार किसी जन्नत से कम नहीं है—खिलौने, मास्क, आकर्षक ड्रेस, सांता सूट और खास गिफ्ट पैक बच्चों को अपनी ओर खींच रहे हैं। माता-पिता भी बच्चों की खुशी के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
व्यापारियों के अनुसार, इस बार क्रिसमस को लेकर बाजार में खासा उत्साह है। दुकानदारों का कहना है कि बीते कुछ दिनों में बिक्री में तेजी आई है और जैसे-जैसे क्रिसमस नजदीक आ रहा है , रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।
उधर, गिरिडीह के गिरजाघरों को भी बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। रंगीन लाइटों और आकर्षक सजावट से सजे चर्च दूर से ही लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रार्थना सभाओं और विशेष कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हर ओर क्रिसमस का उल्लास और उत्साह साफ झलक रहा है। लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे हैं और त्योहार की खुशियों को मिल-बांट रहे हैं।







