द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह : दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों के दौरान जिले का माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बना रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय से 30 बाइक रैपिड रिस्पांस टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार मौजूद रहे।
प्रशासन के मुताबिक, ये बाइक रैपिड रिस्पांस टीम जिले के चारों प्रमंडलों में तैनात की जाएंगी। इन टीमों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि ये सीधे कंट्रोल रूम (CCR) से जुड़ी रहेंगी। बाइक पर सवार सुरक्षा बल पूरी तरह से हथियारों और उपकरणों से लैस होंगे। किसी भी क्षेत्र में अगर तनाव या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत मौके पर पहुँचकर हालात पर काबू पाएंगे और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल को बुलाया जाएगा।
दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अलग से 4 अतिरिक्त बाइक ट्रैफिक नियंत्रण दल को भी लगाया है। ये दल खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास यातायात को नियंत्रित करने का काम करेंगे।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बेफिक्र होकर दुर्गा पूजा का आनंद लें। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा बल लगातार गश्त पर रहेंगे ताकि त्योहारों का उल्लास बिना किसी व्यवधान के पूरा किया जा सके।







