जिलेभर में हुए अखंड जप और सामूहिक महायज्ञ.
द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क
गिरिडीह: अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से रविवार को गिरिडीह जिले के विभिन्न हिस्सों में माता भगवती देवी शर्मा के महाप्रयाण दिवस पर भक्ति और श्रद्धा से परिपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के कई केंद्रों पर सुबह 7 बजे से 11 बजे तक श्रद्धालुओं ने एक घंटे का अखंड जप और सामूहिक गायत्री महायज्ञ सम्पन्न किया। उपस्थित साधकों ने राष्ट्र के कल्याण, समाज की समृद्धि और व्यक्तिगत जीवन में स्वास्थ्य, सुख तथा उज्ज्वलता की मंगलकामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की।
गायत्री परिवार गिरिडीह के प्रमुख कामेश्वर सिंह ने बताया कि माता भगवती देवी शर्मा का महाप्रयाण वर्ष 1994 में भाद्रपद पूर्णिमा के दिन हुआ था। पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के महाप्रयाण के उपरांत चार वर्षों तक उन्होंने मिशन का नेतृत्व किया और देश-विदेश में अनेक अश्वमेध महायज्ञों का आयोजन किया। उन्होंने महिलाओं को आध्यात्मिक और सामाजिक नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नारी जागरण अभियान की शुरुआत की। महिला मंडलों को महायज्ञ संचालन का अधिकार देना उनकी दूरदर्शिता का प्रमाण है, जिसके परिणामस्वरूप आज लाखों महिलाएं नियमित रूप से गायत्री उपासना और सामाजिक जागरण के कार्यों में सक्रिय हैं।
महाप्रयाण दिवस के अवसर पर गिरिडीह जिले के ग्राम लेदा और ग्राम गुरहा में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें साप्ताहिक गायत्री महायज्ञ, सामूहिक जप और मंत्र लेखन अभियान का शुभारंभ हुआ। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक जागरण और एकजुटता का संदेश फैलाना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश कुमार राम, भवानी प्रसाद वर्मा, किशोरी शर्मा, राम प्रसाद नायक, संजय चौरसिया, काशी प्रसाद, बुधन चंद यादव, किशुन महतो, शिवप्रसाद राम, विशेश्वर साव, मनोज शर्मा, अनिल कुमार साव, बलराम विश्वकर्मा, रेखा देवी, संगीता साव, सरिता साव, माधुरी गुप्ता, स्नेहलता देवी, पूनम गुप्ता और पूनम देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।







