द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह : जिले के मेधावी विद्यार्थियों को गुरुवार का दिन खास बना। जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उपायुक्त रामनिवास यादव ने इस वर्ष की 12वीं बोर्ड परीक्षा (सीबीएसई और झारखंड बोर्ड) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने वाले टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इस मौके पर झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) की 12वीं आर्ट्स परीक्षा में राज्य स्तरीय तीसरा स्थान हासिल करने वाली कुमारी रितंभरा (93.2%) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने उन्हें एक लाख रुपये का चेक, मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैग और प्रशस्ति पत्र भेंट किया।
इसी तरह, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की होनहार छात्राओं में से श्रेया पाण्डेय (95.4%) को जिला स्तर पर दूसरा स्थान और लक्ष्मी कुमारी (94.6%) को तीसरा स्थान प्राप्त करने पर लैपटॉप, बैग और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपस्थित सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि –
“इन टॉपर विद्यार्थियों की सफलता न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है। मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर ही ऐसे परिणाम संभव हो पाते हैं। मुझे विश्वास है कि यह उपलब्धि जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा देगी और वे अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए और अधिक उत्साह से मेहनत करेंगे।”
सम्मान समारोह में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे माहौल में उत्साह और गर्व की झलक साफ दिखाई दी।







